मनोरंजन

सबसे कम उम्र के परमवीर चक्र विजेता योगेंद्र यादव पर फिल्म बनाएंगी चित्रांगदा

चित्रांगदा सिंह बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा हैं। उन्होंने अपने अभिनय से कई फिल्मों में समा बांधा है। एक्टिंग के अलावा प्रोडक्शन में भी उन्होंने अपनी किस्मत आजमाई है। अब वह भारतीय सेना के सबसे कम उम्र के परमवीर चक्र विजेता योगेंद्र यादव पर बायोपिक बनाएंगी। वाकई एक रियल लाइफ हीरो की कहानी को पर्दे पर देखना किसी रोमांच से कम नहीं होगा। यह एक ऐसा विषय है, जो हर किसी का ध्यान आकर्षित करेगा।

चित्रांगदा ने कैप्टन योगेंद्र पर बायोपिक बनाने के अधिकार हासिल कर लिए हैं। इस प्रोजेक्ट को लेकर अभिनेत्री चित्रांगदा काफी उत्साहित हैं। उन्होंने अपने बयान में कहा, मैं उन वास्तविक नायकों की कहानियां बताने के लिए बहुत उत्साहित हूं, जिन्हें कई बार भुला दिया जाता है, फिर भले ही वे अब भी हमारे बीच क्यों ना मौजूद हों। हमें उनकी यात्रा को ग्लोरिफाई करने की जरूरत है।
फिल्म के अधिकार दीपक सिंह के सह-स्वामित्व वाली कंपनी सीएसफिल्म्स के पास हैं। अब इस फिल्म में कौन-कौन से कलाकार नजर आएंगे, इसको लेकर कुछ भी नहीं बताया गया है। जल्द प्रोजेक्ट से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आ सकती है।

चित्रांगदा ने 2018 में सूरमा के साथ अपने प्रोडक्शन की शुरुआत की थी। इस फिल्म को अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। यह फिल्म भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान संदीप सिंह की वास्तविक जीवन की कहानी पर आधारित थी। इसमें दिलजीत दोसांझ और तापसी पन्नू को मुख्य भूमिकाओं में देखा गया था। शाद अली ने इसका निर्देशन किया था। सूरमा की तरह ही चित्रांगदा की अगली बायोपिक फिल्म भी वास्तविक जीवन की कहानी बयां करेगी।
कैप्टन योगेंद्र ने कारगिल युद्ध में अपने पराक्रम का कौशल दिखाया था। वह 19 साल की उम्र में परमवीर चक्र प्राप्त करने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय सैनिक हैं। कारगिल युद्ध में योगेंद्र को 15 गोलियां लगी थीं और उनके शरीर पर दो हैंड ग्रेनेड के घाव भी थे। युद्ध जीतने के करीब एक साल बाद तक वह अस्पताल में भर्ती रहे। पिछले साल 31 दिसंबर को 24 साल की उत्कृष्ट सेवा के बाद वह रिटायर्ड हो गए।

चित्रांगदा ने देसी बॉयज, साहेब, बीवी और गैंगस्टर 3 और बाजार जैसी फिल्मों में अपने अभिनय का परचम फहराया है। हाल ही में चित्रांगदा ने 2012 की फिल्म कहानी के स्पिन-ऑफ बॉब बिस्वास में अभिषेक बच्चन की पत्नी की भूमिका निभाई थी। उन्हें मॉडर्न लव: मुंबई में अरशद वारसी के साथ भी देखा गया था। वह फिल्म गैसलाइट में नजर आ सकती हैं, जिसमें उनके साथ विक्रांत मैसी दिखाई देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *