ख़बर इंडियाख़बर उत्तराखंड

उत्तराखंड की प्रगति और विकास की दिशा में एक अहम घोषणा

उत्तराखंड की प्रगति और विकास की दिशा में एक अहम घोषणा: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज फिर देहरादून पहुंचे हैं। प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने बड़ी घोषणा की। उन्होंने एलान किया कि उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव में कर्नल अजय कोठियाल आम आदमी पार्टी के उत्तराखंड में सीएम पद के उम्मीदवार होंगे।
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने देहरादून में ये घोषणा की। केजरीवाल ने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने ये फैसला सुनाया है। दरअसल, ‘आप’ ने उत्तराखंड की जनता से सवाल पूछा था कि वो किसे मुख्यमंत्री चाहते हैं। आप के सर्वे में कर्नल अजय कोठियाल का नाम ज्यादातर लोगों ने चुना।
वहीं, उन्होंने दूसरी घोषणा करते हुए कहा कि हम उत्तराखंड को पूरी दुनिया के हिंदुओं के लिए आध्यात्मिक राजधानी बनाएंगे। वो उत्तराखंड को आध्यात्मिक राजधानी बनाएंगे, जिससे उत्तराखंड में आने वालों की संख्या करीब 10 गुना बढ़ जाएगी और ग्रामवासियों का रोजगार भी बढ़ेगा। केजरीवाल ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार देने के लिए कोठियाल के साथ रणनीति बनाई जा रही है।
केजरीवाल ने कहा कि कुछ दिन पहले मनीष सिसौदिया देहरादून आए थे। उन्होंने कहा था कि इस पर हम जनता की राय जानेंगे। हमनें प्रदेश की जनता से सुझाव लिए हैं। दिल्ली सीएम ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ये बड़ी घोषणा की। सीएम केजरीवाल ने कहा कि पार्टी ने आम जनता से पूछा था कि क्या कर्नल अजय कोठियाल मुख्यमंत्री के उम्मीदवार हो सकते हैं? जिसके जवाब में जनता ने बढ़-चढ़कर अजय कोठियाल को उम्मीदवार बनाए जाने पर जवाब दिया।
आप से सीएम कैंडिडेट किसे बनाना चाहिए इस पर लोगों का बेहतरीन जवाब आया है। आप प्रमुख ने कहा कि कर्नल अजय कोठियाल को उम्मीदवार बनाए जाने का निर्णय आम आदमी पार्टी ने नहीं बल्कि जनता ने लिया है। लोगों ने कहा कि जब से उत्तराखंड बना है तो कुछ पार्टी और नेताओं ने उत्तराखंड को लूट लिया। अब हमें पार्टियां नहीं बल्कि देशभक्त फौजी चाहिए। बहुत बड़े स्तर पर लोगों ने कहा कि इन पार्टियों के भरोसे उत्तराखंड आगे नहीं बढ़ सकता।
कहा कि कर्नल कोठियाल वो शख्स हैं, जिन्होंने अपनी जान की बाजी लगाकर देश की रक्षा की। जब उत्तराखंड के नेता इस प्रदेश को लूट रहे थे, तब यह शख्स सीमा पर देश की हिफाजत में लगा था। कुछ साल पहले केदारनाथ आपदा आई थी। तब इस शख्स ने अपनी टीम के साथ मिलकर केदारनाथ का पुनर्निर्माण किया था, अब इन्होंने उत्तराखंड के नवनिर्माण का बीड़ा उठाया है।
हम उत्तराखंड को देवभूमि कहते हैं। यहां इतने तीर्थ स्थान हैं। कितने देवी देवताओं का वास है यहां। पूरी दुनिया से हिन्दू यहां श्रद्धा के साथ दर्शन करने आते हैं। कर्नल कोठियाल को केदारनाथ में काम की वजह से लोग भोले का फौजी भी कहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *