खेल

जूनियर विश्व निशानेबाजी चैंपियनशिप में भारत को एक और स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक

नयी दिल्ली। विजयवीर सिद्धू और रिदम सांगवान की भारतीय जोड़ी ने पेरू के लीमा में अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) जूनियर विश्व चैंपियनशिप में मिश्रित रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक अपने नाम करते हुए भारत को प्रतियोगिता में दसवां स्वर्ण पदक जिताया। विजयवीर और रिदम ने स्वर्ण पदक मैच में कन्याकोम हिरुनफोम और श्वाकोन त्रिनिफाकोर्न की थाईलैंड की जोड़ी को 9-1 से हराया। विजयवीर और रिदम दोनों चलीफाइंग राउंड के मैचों में थाई जोड़ी पर पूरी तरह से हावी रहे। भारतीय जोड़ी ने विरोधी टीम को एक भी सीरीज नहीं जीतने दी। इसके अलावा इसी स्पर्धा में तेजस्विनी और अनीश की दूसरी भारतीय जोड़ी ने कांस्य पदक जीता। दोनों ने थाईलैंड की दूसरी जोड़ी को 10-8 से हराया।

गुरुवार को भारत के हाथ रजत पदक भी लगा। सिद्धि महंत, निश्कल और आयुषी पोद्दार की मौजूदगी वाली भारतीय टीम ने जूनियर महिला 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन (3पी) में देश को रजत पदक दिलाया। इन तीन पदकों के साथ भारत के पास अब कुल 23 पदक हो गए हैं।

3पी स्पर्धा में भारतीय टीम एक समय स्तर पर 43-43 के साथ बराबरी पर थी, लेकिन अंत में वह अमेरिका की तगड़ी टीम से नीचे चली गई। मैच 43-47 पर समाप्त हुआ। उल्लेखनीय है कि 10 स्वर्ण, नौ रजत और चार कांस्य पदक के साथ नौ दिनों की प्रतियोगिता के बाद भारत पदक तालिका में शीर्ष पर है, जबकि अमेरिका छह स्वर्ण के साथ दूसरे स्थान पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *