मनोरंजन

महेश भट्ट की फिल्म अर्थ का बन रहा रीमेक, बॉबी देओल होंगे हीरो

महेश भट्ट ने अपने लंबे करियर में कई सफल फिल्में बॉलीवुड को दी हैं। उन्हीं में से एक है अर्थ। अब इस फिल्म का रीमेक बनने जा रहा है, जिसमें लीड हीरो के लिए बॉबी देओल को साइन किया गया है। इस फिल्म का रीमेक बना रहे निर्माता शरत चंद्र ने इस खबर पर अपनी मुहर लगा दी है। फिल्म पर काम तेजी से चल रहा है। आइए जानते हैं निर्माता ने रीमेक को लेकर क्या कुछ कहा। कुछ समय पहले खबर आई थी कि महेश भट्ट की फिल्म अर्थ का रीमेक बनने जा रहा है। हालांकि, इससे जुड़ीं पुख्ता जानकारियां सामने नहीं आई थीं। अब फिल्म के निर्माता शरत चंद्र ने इस फिल्म की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, फिल्म काफी आगे जा चुकी है और इसमें बॉबी देओल प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं। रेवती इस फिल्म का निर्देशन कर रही हैं। बता दें कि रेवती जानी-मानी दक्षिण भारतीय अभिनेत्री और निर्देशक हैं।

निर्माता ने कहा, कोरोना महामारी के कारण फिल्म बनाने में देरी हुई है। स्क्रिप्ट को लेकर लोगों के कुछ सुझाव थे। हम बदलाव कर रहे हैं और महेश भट्ट साहब भी इस प्रोजेक्ट में हमारी मदद कर रहे हैं। हालांकि, इस फिल्म में कौन सी हीरोइन नजर आने वाली है इसको लेकर खुलासा होना अभी बाकी है। फिल्ममेकर का कहना है कि फिल्म में एक नामचीन अभिनेत्री देखने को मिलेगी। जल्द ही हीरोइन के नाम का भी खुलासा होगा। फिल्म अर्थ हिंदी सिनेमा की कालजयी फिल्मों में से एक मानी जाती है। यह 1982 में रिलीज हुई, जिसका निर्देशन महेश भट्ट ने किया। फिल्म में शबाना आजमी, स्मिता पाटिल, कुलभूषण खरबंदा, राज किरण और रोहिणी हट्टंगड़ी जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में रहे। 1993 में तमिल भाषा में भी अर्थ का रीमेक बन चुका है। इस फिल्म में मुख्य भूमिका रेवती ने ही निभाई। रेवती ने वही किरदार निभाया, जो मूल फिल्म में शबाना आजमी ने निभाया था।

बात करें बॉबी की आने वाली फिल्मों की तो वह फिल्म पेंटहाउस में नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन अब्बास-मस्तान कर रहे हैं। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। वह क्राइम थ्रिलर फिल्म लव हॉस्टल को लेकर भी सुर्खियों में हैं। सान्या मल्होत्रा और विक्रांत मैसी भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म अपने 2 भी बॉबी के खाते से जुड़ी है। इसके जरिए वह पांचवीं बार अपने पिता धर्मेंद्र और भाई सनी देओल के साथ काम कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *