ख़बर इंडिया

खास खबर :- निर्दलीय विधायक राम सिंह कैड़ा ब्लॉक प्रमुख पत्नी कमलेश कैड़ा के साथ हुए भाजपा में शामिल, दिल्ली में शीर्ष नेताओं ने दिलाई सदस्यता

नई दिल्ली। उत्तराखंड की भीमताल विधानसभा से निर्दलीय विधायक राम सिंह कैड़ा ने पत्नी के साथ शुक्रवार को दिल्ली में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस दौरान उत्तराखंड के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सदस्य दुष्यंत गौतम, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी और उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक भी मौजूद रहे। उनकी पत्नी ओखलकांडा ब्लॉक प्रमुख कमलेश कैड़ा ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है।

परिवार की तरह अपने कार्यकर्ताओं को जोड़े रखती है भाजपा
भाजपा में शामिल होने के बाद विधायक राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भाजपा एक ऐसी राष्ट्रीय पार्टी है जो एक परिवार की तरह अपने कार्यकर्ताओं को जोड़े रखती है। और यही कारण है कि भाजपा के कार्यकर्ताओं में मतभेद जैसी कोई बात सामने नहीं आती है। कैड़ा ने कहा कि भाजपा में शामिल होने के बाद वह पार्टी के कार्यकर्ताओं का वैसे ही सम्मान करेंगे, जैसे वह निर्दलीय विधायक रहते हुए अपने समर्थकों का करते आए हैं। कैड़ा ने कहा कि वह पार्टी की मजबूती के साथ ही हर कार्यकर्ता की भावनाओं का ध्यान रखते हुए काम करेंगे।

राजनीति में अटल बिहारी वाजपेयी और नारायण दत्त तिवारी आदर्श
विधायक राम सिंह कैड़ा ने बताया कि राजनीति में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त को अपना आदर्श मानते हैं।

चार सालों में भाजपा के साथ तालमेल बनाए रखा
भीमताल विधानसभा सीट से वर्ष 2017 में मोदी लहर में निर्दलीय विधायक बने राम सिंह कैड़ा प्रदेश में चर्चाओं में आने के साथ भाजपा और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की नजरों में भी आए थे। कैड़ा ने अपनी विधानसभा में विकास कार्यों के लिए अपने चार सालों में भाजपा के साथ तालमेल बनाए रखा। वहीं कैड़ा के साथ भीमताल विधानसभा के कुछ जनप्रतिनिधियों के भी भाजपा में शामिल होने की चर्चा है। विधायक राम सिंह कैड़ा की पूर्व मुख्यमंत्री और महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और केंद्रीय राज्य मंत्री और सांसद अजय भट्ट से नजदीकियां रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *