ख़बर इंडिया

राज्यसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी ने सर्वानंद सोनोवाल को असम से बनाया उम्मीदवार

नई दिल्ली, (आरएनएस)। बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल को असम से राज्यसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री एल मुरुगन को मध्य प्रदेश से कैंडिडेट घोषित किया है। सोनोवाल अमस के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। बीजेपी ने यहां विधानसभा चुनाव के बाद हिमंत बिस्व सरमा को सीएम बनाया और सोनोवाल को मोदी कैबिनेट में मंत्री पद की जिम्मेदारी मिली है। राज्यसभा की सात सीटों के लिए होने वाले चुनाव में भाजपा को दो सीटें मिलेगी। इन सात सीटों में से छह के लिए उपचुनाव होगा, जबकि पुद्दुचेरी की एक सीट के लिए चुनाव होगा। पांच सीटें विभिन्न सांसदों के इस्तीफे से और एक सीट कांग्रेस के राजीव सातव के निधन से रिक्त हुई है। राज्यसभा की इन सभी सीटों के लिए चार अक्टूबर को मतदान होगा। अगर सीटों के बराबर ही उम्मीदवार रहे तो 27 सितंबर को नाम वापसी के बाद ही निर्वाचित सदस्यों की घोषणा कर दी जाएगी। जिन छह सीटों के लिए उप चुनाव होने हैं उनमें तमिलनाडु की दो और पश्चिम बंगाल, असम, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश की एक-एक सीट शामिल है।

मध्य प्रदेश का उपचुनाव थावरचंद गहलोत के राज्यपाल नियुक्त होने से रिक्त हुई है। यहां पर भाजपा की सरकार है और उसका ही उम्मीदवार चुना जाना तय है। असम में बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट के बिस्वजीत दैमारी ने भाजपा में शामिल होने के बाद इस्तीफा दे दिया था।

पश्चिम बंगाल से तृणमूल कांग्रेस के मानस रंजन भूनिया ने इस्तीफा दे दिया था। भूनिया विधानसभा के लिए चुने गए थे। इस सीट से तृणमूल कांग्रेस का चुनकर आना तय है। तमिलनाडु से अन्नाद्रमुक के केपी मुनुस्वामी और आर वैथिलिंगम के इस्तीफे से सीटें रिक्त हुई है। दोनों विधायक चुने गए थे। राज्य में द्रमुक सरकार के बहुमत में होने से दोनों सीटें उसके पास जाने की संभावना है।

पद्दुचेरी की एक राज्यसभा सीट एन गोकुलकृष्णन का कार्यकाल खत्म होने से रिक्त हो रही है। उनका कार्यकाल छह अक्तूबर को समाप्त हो रहा है। इस सीट के लिए चुनाव में सत्तारूढ़ राजग गठबंधन का उम्मीदवार चुना जाएगा। महाराष्ट्र में कांग्रेस के राजीव सातव के निधन से रिक्त हुई सीट पर सत्तारूढ़ महाविकास अघाड़ी शिवसेना-राकांपा-कांग्रेस को ही सफलता मिलेगी। यह अघाड़ी कांग्रेस को दे सकती है।

निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की कुल सात राज्यसभा सीटों के लिए उपचुनाव की तारीख की घोषणा कर दी है। इन सभी सीटों पर मतदान 4 अक्तूबर को होगा। इसके साथ ही बिहार की एक खाली एमएलसी सीट के लिए भी उपचुनाव की तारीख की घोषणा की गई है।

आयोग ने पश्चिम बंगाल, असम, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और पुडुचेरी की एक-एक और तमिलनाडु की दो राज्यसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी। इनमें से पांच सीटें सदस्यों के इस्तीफे से जबकि एक सीट कांग्रेस के राजीव सातव के निधन से रिक्त हुई है।

आयोग ने बिहार विधान परिषद की एक खाली सीट के लिए भी उपचुनाव की तारीख की घोषणा की। यह सीट जनता दल यूनाइटेड के तनवीर अख्तर के निधन से खाली हुई थी। इस सीट के लिए 4 अक्तूबर को मतदान होगा। उपचुनाव की प्रक्रिया के दौरान कोविड-19 संबंधी सभी दिशानिर्देशों का पालन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *