मनोरंजन

पहली बार एक्शन फ्रेंचाइजी फिल्म लेकर आ रहे करण जौहर, वीडियो शेयर कर किया ऐलान

धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले करण जौहर इन दिनों एक के बाद एक नई फिल्म की घोषणा कर रहे हैं। सुपरनैचुरल फिल्म ब्रह्मास्त्र के बाद अब निर्माता अपने करियर की पहली एक्शन फिल्म का ऐलान करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी है। करण ने बताया है कि उनका प्रोडक्शन हाउस पहली बार एक एक्शन फ्रेंचाइजी फिल्म पर काम कर रहा है। करण ने सोशल मीडिया पर 39 सेकेंड का एक वीडियो शेयर किया है। इसमें एक ड्रामा किक, रोमांच का एक पंच और सालों की खून पसीने की मेहनत और एक नॉकआउट स्टोरी जैसे शब्द लिखे हैं। करण ने वीडियो के कैप्शन में लिखा, धर्मा प्रोडक्शन अपनी पहली एक्शन फ्रेंचाइजी की घोषणा करने जा रहा है। हमारे साथ जुड़े रहें। कल एक बड़ा ऐलान होने वाला है। करण ने बताया कि उनकी इस फिल्म में एक शानदार चेहरा नजर आएगा।

करण ने जैसे ही यह वीडियो पोस्ट किया, सोशल मीडिया पर लोगों ने कयास लगाने शुरू कर दिए। ज्यादातर लोगों का मानना है कि यह वही फिल्म है, जिसके लिए करण ने सिद्धार्थ मल्होत्रा को साइन किया है। बीते दिनों सिद्धार्थ इसके लिए महबूब स्टूडियो में अपना लुक टेस्ट देने भी पहुंचे थे। करण ने ही सिद्धार्थ को फिल्म स्टूडेंट ऑफ द ईयर से बॉलीवुड के दर्शन कराए थे। करण की पिछली फिल्म शेरशाह के हीरो भी सिद्धार्थ ही थे। करण ने अपने फिल्मी करियर में कई हिट और सुपरहिट फिल्में बनाई हैं। कुछ कुछ होता है से लेकर कभी अलविदा ना कहना, कल हो ना हो और माय नेम इज खान तक उनकी ज्यादातर फिल्में दर्शकों की कसौटी पर खरी उतरीं। करण के खाते से ये जवानी है दीवानी, हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया, बद्रीनाथ की दुल्हनिया और केसरी जैसी कई सफल फिल्में जुड़ी हैं। अब पहली बार करण एक एक्शन पैक्ड फ्रेंचाइजी लेकर आ रहे हैं।

करण इन दिनों फिल्म लाइगर के काम में व्यस्त हैं। फिल्म मिस्टर लेले के निर्माता भी करण ही हैं। इस फिल्म के हीरो अभिनेता विक्की कौशल हैं। वह ब्रह्मास्त्र और दोस्ताना 2 को लेकर भी चर्चा में हैं। करण फिल्म तख्त पर काम कर रहे हैं। वह फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के निर्देशन की कमान भी संभाल रहे हैं। विक्की कौशल और तृप्ति डिमरी को लेकर भी करण एक रोमांटिक फिल्म बनाने की तैयारी में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *