ख़बर इंडियाख़बर उत्तराखंड

देर रात तक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की बैठकों का दौर! हमारा उद्देश्य कार्यो को उलझाने का नहीं, सुलझाने का होना चाहिए: CM

ब्यूरो रिपोर्ट देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासन के उच्चाधिकारियों को पत्रावलियों का निस्तारण समयबद्धता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने अधिकारियों से मेहनत, ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों के निर्वहन की भी अपेक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा उद्देश्य कार्यो को उलझाने का नही बल्कि उन्हें सुलझाना होना चाहिए।

सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्य सचिव ओम प्रकाश के नेतृत्व में आईएएस एशोसियेशन के सदस्यों ने भेंट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा देश की सबसे बड़ी सेवा है। शासन व्यवस्था का अनुभव आपको है।  शासन में बैठे अधिकारियों से जनता की उम्मीदे जुड़ी होती है। जनता से जुड़े कार्यों का त्वरित निस्तारण समयबद्धता के साथ हो इसके लिये प्रभावी व्यवस्था बनायी जाने की उन्होंने जरूरत बतायी।

उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि योजनाओं के क्रियान्वयन से सम्बन्धित प्रक्रिया शीघ्र धरातल पर दिखाई दे इसकी भी पहल की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि हम सबको एक परिवार की तरह राज्य के विकास में सहयोगी बनाना होगा। उन्होंने अधिकारियों से शासकीय कार्यप्रणाली एवं प्रक्रियाओं में आवश्यक सुधार आदि के लिये सुझाव भी आमंत्रित किये है। उन्होंने आपसी संवाद पर भी ध्यान देने की बात कही। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों से सेवा में नये आये अधिकारियों का मार्गदर्शन करने की भी अपेक्षा की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ0 धन सिंह रावत, स्वामी यतीश्वरानन्द, मुख्य सचिव ओम प्रकाश, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, आईएएस एशोसियेशन की अध्यक्ष मनीषा पंवार, अपर मुख्य सचिव आनन्द वर्धन, प्रमुख सचिव आर0के0सुधांशु के साथ ही सभी प्रमुख सचिव, सचिव, प्रभारी सचिव आदि उपस्थित थे।

उन्होंने पुलिस ट्रेनिंग पर ध्यान देने के साथ ही पुलिस कांस्टेबलों एवं वाहन चालकों के रिक्त पदों पर भर्ती का प्रस्ताव भी शासन को भेजने को कहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार के नेतृत्व में आईपीएस एशोसियेशन के अधिकारियों ने भेंट की। मुख्यमंत्री ने कोरोना की इस महामारी के दौर में पुलिस के जवानों एवं अधिकारियों द्वारा किये गये प्रयासों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों से प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था बनाये रखने पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि ड्रग्स हमारी युवापीढ़ी को खराब कर रहा है। इस पर प्रभावी नियन्त्रण के लिये इसकी जड़ तक जाने की जरूरत है। ताकि इसकी कारगर ढंग से रोकथाम हो सके।

पुलिस महानिदेशक ने पुलिस कर्मियों के ग्रेड वेतन एवं नियमावली के परीक्षण के लिये कैबिनेट उप समिति के गठन के लिये मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, स्वामी यतीश्वरानन्द के साथ ही पुलिस के उच्चाधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में सड़को एवं अन्य विकास कार्यो में लम्बित वन भूमि हस्तान्तरण के मामलों के निस्तारण में तेजी लाये जाने के निर्देश दिये है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में मानव वन्य जीव संघर्ष को कम करने के लिये कारगर रणनीति तैयार करने के भी निर्देश वन विभाग के अधिकारियों को दिये हैं।

सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से प्रमुख वन संरक्षक राजीव भरतरी के नेतृत्व में भारतीय वन सेवा के अधिकारियों ने भेंट की। मुख्यमंत्री ने वन विभाग के अधिकारियों से वन भूमि हस्तान्तरण के मामलों में अनावश्यक विलम्ब न किये जाने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि वन भूमि हस्तान्तरण के प्रकरणों में विलम्ब होने से विकास कार्यो को पूर्ण करने में अनावश्यक विलम्ब हो रहा है। मुख्यमंत्री को एशोशियेशन द्वारा कार्बेट नेशनल पार्क पर आधारित काफी टेबल बुक भी भेंट  की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द नव नियुक्त मुख्य सचिव  एसएस संधू, विशेष सचिव डॉ0 पराग मधुकर धकाते के साथ ही वन विभाग के उच्चाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *